जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना में न्यायालय द्वारा जारी वारंट पहुंचने के बावजूद उसका निष्पादन नहीं होने का आरोप लगाते हुए प्रतिमा सिंह ने पूर्वी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने एसपी को आवेदन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने और संबंधित थाना को वारंट का निष्पादन कराने का निर्देश देने की मांग की है. आवेदन के अनुसार, कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती मंदिर पथ, लाइन नंबर-1, मकान नंबर-6 की निवासी प्रतिमा सिंह ने अपने पति अमित चंद्र मांझी पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि उनका एक छोटा बच्चा है, जो पूरी तरह उन पर आश्रित है. प्रतिमा सिंह के मुताबिक, उन्होंने अपने पति से भरण-पोषण राशि प्राप्त करने के लिए मेंटेनेंस केस दायर किया था. इस मामले में 22 मई 2025 को निर्णय सुनाते हुए न्यायालय ने उनके पति को 36,900 रुपये देने का आदेश दिया था. आरोप है कि आदेश के बावजूद राशि का भुगतान नहीं किया गया. इसके बाद परिवार न्यायालय की ओर से डिस्ट्रेस वारंट जारी किया गया. आवेदिका का कहना है कि वारंट में बकाया राशि की वसूली के लिए संपत्ति बेचकर भुगतान करने का प्रावधान भी है. उन्होंने आरोप लगाया कि वारंट बिरसानगर थाना पहुंचने के बाद भी अब तक उसका निष्पादन नहीं हुआ है. प्रतिमा सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई कराने तथा न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की है.





