जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना में प्रस्तावित अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) के लिए चिन्हित 13 एकड़ जमीन पर कथित कचरा डंपिंग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. इस मामले में मानगो नगर निगम की ओर से जारी नोटिस के जवाब में जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने 13 अक्टूबर को लिखित पक्ष रखते हुए आरोपों के आधार और संबंधित साक्ष्यों को सार्वजनिक करने की मांग की है. साथ ही, उन्होंने जिला प्रशासन, मानगो नगर निगम और डिमना–पारडीह चौक विकास समिति के बीच त्रिपक्षीय वार्ता कराने का आग्रह किया है. सौरभ विष्णु ने कहा कि जनहित के मुद्दे उठाना और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना नागरिकों का अधिकार है. उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल पर उनकी मौजूदगी स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा और कचरा डंपिंग से जुड़े सवालों को प्रशासन के सामने रखने के उद्देश्य से थी. (नीचे भी पढ़ें)

उनके अनुसार, वहां केवल बैनर लगाया गया है और कपड़े से छाया की व्यवस्था की गई है. उन्होंने जमीन पर कब्जा करने और चारदीवारी को नुकसान पहुंचाने के आरोपों से इनकार किया. उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर को अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम को इस मामले में लिखित सूचना दी गई थी. वहीं, 13 अक्टूबर को नगर निगम के नोटिस के संबंध में अपना पक्ष रखते हुए पत्र सौंपा गया. उन्होंने बातचीत के जरिए समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की. इस बीच, वसुंधरा एस्टेट, डिमना बस्ती और रिपीट कॉलोनी के निवासी भी सौरभ विष्णु के समर्थन में सामने आए हैं. बाबलू सिंह, बिनोद सिंह, दीपक, संदीप मिश्रा और बप्पी दत्ता समेत कई लोगों ने कहा कि कचरा डंपिंग का मुद्दा पूरे क्षेत्र के स्वास्थ्य, पर्यावरण और भविष्य से जुड़ा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में पारदर्शिता बरतने और कचरा प्रबंधन की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की. सौरभ विष्णु ने भी कहा कि कचरे को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने से समस्या समाप्त नहीं होती, बल्कि उसके मूल कारणों का समाधान जरूरी है.





