जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस के वरीय पुलिस अधीक्षक यानी पुलिस कप्तान ने अनुसंधानकर्ताओं के लिए नई योजना की शुरुआत की है. इसके तहत कांड के त्वरित उदभेदन करने और आरोपियों को सजा दिलाने वाले अनुसंधानकर्ताओं के लिए 10 हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपए तक का इनाम देने की घोषणा की है. इसकी शुरुआत शुक्रवार से कर दी गई है. जहां बीते 5 जुलाई को टाटा स्टील कंपनी परिसर में हुई चोरी मामले के दो आरोपियों को 35 दिनों के भीतर सजा दिलाने में सफल रहे बिष्टुपुर थाना में पदस्थापित असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआइ) गुरदयाल सिंह मुंडा को 5000 रुपये नगद इनाम और प्रशस्ति पत्र देकर एसएसपी ने सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)

बता दे कि न्यायालय ने दोनों आरोपियों को तीन-तीन साल की सजा और दो-दो हजार रुपए का आर्थिक जुर्माना लगाया है. एसएसपी ने बताया कि जिले के 42 ऐसे मामलों की सूची तैयार की गई है जिसका उदभेदन एक महीने के भीतर करने का निर्देश दिया गया है. एसएसपी ने बताया कि इससे अनुसंधानकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और लोगों का पुलिस और न्यायालय के प्रति आस्था भी सुदृढ़ होगा.





