जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर पांच में एकता नगर के रहने वाले 35 वर्षीय तारा सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना रविवार शाम की है. पति बसंत सिंह से विवाद के बाद तारा सिंह ने फांसी लगाई है. सूचना मिलने पर बसंत वहां पहुंचे और किसी तरह तारा को फंदे से उतारा. इसके बाद एमजीएम अस्पताल पहुंचे. यहां तारा को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बसंत ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक ड्राइवर है. उसकी शादी को 12 साल से ज्यादा हो चुकी हैं. रविवार को पत्नी से झगड़ा हुआ था. इसके बाद, उसने कमरे में खुद को बंद कर फांसी लगा ली. इधर सिदगोड़ा कान्हू भट्टा के रहने वाले 30 वर्षीय शिवा मुंडा ने भी रविवार की रात 9 बजे घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. (नीचे भी पढ़े)
रात 11 बजे परिजनों को घटना की सूचना होने पर पुलिस को इसकी खबर दी.सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों के अनुसार शिवा कुछ काम नहीं करता था. वह रात को 8.30 बजे घर आया और अपने कमरे में चला गया. बाद में जब सभी उसके कमरे में गए तो कमरे का दरवाजा बंद पाया. इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. इधर, सोनारी थाना अंतर्गत बी ब्लॉक क्रिश्चियन बस्ती निवासी 30 वर्षीय सुमित बालमुचू ने भी रविवार दोपहर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों से वह डिप्रेशन में चल रहा था.संभवत: डिप्रेशन में आकर ही उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है.



