जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालुबासा हरिजन बस्ती में रविवार की शाम एक ठेका कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत 40 वर्षीय जीतू मुखी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. घटना शाम करीब छह बजे की है. जीतू मुखी के दो बच्चे हैं. बताया जाता है कि घटना के वक्त जीतू घर में अकेला था. उसकी पत्नी काम पर गई थी, जबकि बच्चे भी घर पर नहीं थे. शाम को परिजन जब घर लौटे तो जीतू को फंदे से लटका पाया. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों के अनुसार, जीतू पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में था. बताया जा रहा है कि परिवार आर्थिक तंगी से भी गुजर रहा था. हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




