जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 28 वर्षीय युवती ने पुलिया से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती ने अचानक पुलिया से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने का प्रयास किया. जांच के दौरान मृतका की पहचान सबीना खातून के रूप में हुई. वहीं उसके पिता का नाम मोहम्मद रज्जाक बताया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. आसपास मौजूद लोगों ने परिवार को सांत्वना देने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतका नशे की आदी बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इस पहलू की भी जांच की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोग इस घटना को बेहद दुखद बता रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.







