जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी में एक किशोरी समाश्री सिंह ने अपने घर के पास महुआ के पेड़ से लटक कर फांसी लगा ली. शुक्रवार की सुबह उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला. इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से समाश्री को फंदे से उतारा और एमजीएम अस्पताल ले गए. जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. समाश्री के पिता हरमोहन ने बताया कि समाश्री गुरुवार की शाम से ही लापता थी. समाश्री को हरमोहन ने गोद लिया था जो 6 साल की थी. (नीचे भी पढ़ें)
उसके बाद वह पड़ोस के गांव में अपनी मौसी के यहां रहती थी. समाश्री के पिता नहीं हैं. मौसी शराब पीकर समाश्री की पिटाई करती थी. इसी के चलते वह हरमोहन के घर आ गई थी. हर मोहन के समाश्री के अलावा दो बेटी और एक बेटा भी है. हर मोहन ने बताया कि समाश्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. उसका स्कूल में एडमिशन कराया गया था. लेकिन, वह स्कूल नहीं जाती थी. गुरुवार को जब सब लोग घर आए तो देखा समाश्री गायब थी. हरमोहन और उनकी पत्नी मजदूरी करते हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.



