नयी दिल्ली: उत्तरी सिक्किम में शुक्रवार सुबह सेना का एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसमें सवार 16 सैनिकों की मौत हो गई. जवानों को ले जा रहा वाहन पहाड़ी इलाके में सड़क से फिसल कर खाई में गिर गया. ट्रक तीन वाहनों के काफिले में शामिल था जो चटन से थंगू की ओर जा रहा था. सेना के अधिकारियों ने कहा कि ज़ेमा में, वाहन एक तीखे मोड़ पर ढलान पर फिसल गया.(नीचे भी पढ़े)
बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और 4 घायल सैनिकों को निकाला गया. अधिकारियों ने कहा कि तीन जूनियर कमिशंड अधिकारी और 13 सैनिकों ने दम तोड़ दिया. सेना के अधिकारियों ने कहा कि सेना पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है. शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गयी है.












