जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत कुम्हारपाड़ा निवासी 19 वर्षीय राजकुमार ठाकुर ने शनिवार देर रात अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक के पड़ोसियों ने रात करीब 11 बजे दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर संदेहवश पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची, पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर राजकुमार ठाकुर पंखे से लटका मिला. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक का बायां हाथ कटा हुआ था, जिससे खून काफी बह चुका था. पुलिस ने तुरंत युवक को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. रविवार को शव को पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस अब मामले की हर एंगल से जांच में जुटी है.(नीचे भी पढे)
आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. राजकुमार ठाकुर की हाल ही में शादी हुई थी. उसकी पत्नी अंशु कुमारी सिवान जिले के महाराजगंज स्थित फाकुलिया गांव की रहने वाली हैं. शादी के बाद अंशु दो महीने पहले पति के साथ सोनारी में रहने आई थीं. जानकारी के मुताबिक, अंशु कुमारी पांच दिन पहले किसी निजी कार्य से रांची गई हुई थीं और उस दौरान राजकुमार ठाकुर घर पर अकेला था. घटना की जानकारी मिलने पर अंशु कुमारी रविवार सुबह रांची से एमजीएम अस्पताल पहुंचीं. पति की असामयिक मौत से वह सदमे में हैं. फिलहाल पुलिस ने पत्नी और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और घटनास्थल की पुलिस इस मामले को आत्महत्या के साथ-साथ संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के रूप में भी देख रही है. क्योंकि मृतक का हाथ कटा होना मामला संदेहास्पद बना रहा है.



