चाकुलिया: विधायक समीर मोहंती ने रविवार को कल्याण विभाग के तहत एसएलएडी घाटशिला द्वारा संचालित चाकुलिया प्रखंड के अनुसूचित जाति जनजाति आवासीय बालक प्राथमिक विद्यालय आंधारिया का औचक निरीक्षण किया. विधायक विद्यालय के छात्रों के भोजन, साफ सफाई, उपस्थिति, शौचालय और शिक्षकों की संख्या की जांच की. छात्रावास में 60 में से 42 बच्चे उपस्थित थे. बच्चों ने शिकायत की कि मेनू के हिसाब से भोजन नहीं दिया जाता है. पौष्टिक आहार भी नहीं दिया जाता है. विधायक ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई. विधायक ने छात्रावास, शौचालय और रसोई घर का निरीक्षण किया.(नीचे भी पढ़े)

विधायक ने उपस्थित छात्रों से पूछताछ की. छात्रों ने विधायक से कहा कि हमें फल नहीं दिए जाते हैं. उसके बाद विधायक ने प्रधानाध्यापक राधा मोहन प्रसाद से इसकी जानकारी ली. विधायक ने प्रधानाध्यापक को फटकार लगाते हुए कहा कि बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. रविवार को मध्यान भोजन में चिकन दिया जाता है. 12 छात्र ऐसे हैं जो चिकन नहीं खाना चाहते थे. उन सभी छात्रों से विधायक ने चिकन नहीं खाने की वजह जानी. छात्रों ने बताया कि उनके शरीर में घाव हो गए हैं. इससे वे चिकन नहीं खा रहे हैं. इसके बाद विधायक ने सभी छात्रों को समझाया कि चिकन खाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है. चिकन खाने से शरीर में घाव नहीं होते हैं. छात्रों ने विधायक से शिकायत की कि उन्हें पीने के लिए पानी मिलाया हुआ दूध दिया जाता है. (नीचे भी पढ़े)

विधायक ने प्रधानाध्यापक से पूछा की प्रतिदिन कितने लीटर दूध मंगाए जाता है. जवाब मिला कि प्रतिदिन पांच लीटर दूध मंगाया जाता है. प्रत्येक बच्चों को 200 मिलीलीटर के हिसाब से दूध दिया जाता है. विधायक ने प्रधानाध्यापक से पूछा कि रविवार को 42 छात्र उपस्थित हैं. 200 मिलीलीटर के हिसाब से 8.2 लीटर दूध होना चाहिए. परन्तु छात्रों के लिए सिर्फ पांच लीटर दूध मंगाया गया. निरीक्षण के दौरान छात्रों ने विधायक से शिकायत की कि स्कूल का रसोईया कंचन महतो उनसे शरीर मालिश करवाता है. मालिश नहीं करने पर उन्हें मारता पीटता है और अभद्र व्यवहार करता है. छात्रों ने विधायक से कहा कि उन्हें छात्रावास से स्कूल जाने में काफी दिक्कत होती है. खेत की मेड के रास्ते स्कूल जाना पड़ता हैं. विधायक ने कहा कि आवासीय विद्यालय का मतलब है. बच्चों को घर से दूर बेहतर माहौल और सुविधा देना. जिनमें पौष्टिक भोजन भी शामिल है. विधायक ने विद्यालय प्रबंधन को चेतावनी दी कि अगर भविष्य में ऐसी शिकायतें मिलती हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले पर नजर रखेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि बच्चों को उनका हक मिले. विधायक ने कहा कि जल्द ही स्कूल जाने के लिए रास्ता बना दिया जाएगा. मौके पर झामुमो नेता गोपन परिहारी, राज मिश्रा, माधव सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.



