जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह बस्ती स्थित शांति नगर में गुरुवार दोपहर 28 वर्षीय विभा कुमारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह ट्यूशन शिक्षिका थी. मृतका का मायका मानगो के शंकोसाई में बताया जाता है.जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे विभा कुमारी दो मंजिला मकान के ऊपरी तल्ले पर स्थित कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक गई. परिजन उसे एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. उसके पति अरविंद कुमार स्टेशनरी की दुकान चलाते हैं. वे दोपहर में खाना खाने घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई. दंपती का एक छह वर्षीय बेटा भी है. (नीचे भी पढ़े)
घटना के समय मृतका के सास-ससुर मकान के निचले तल्ले पर मौजूद थे.परिजनों के अनुसार, विभा घटना से पहले किसी से फोन पर बात कर रही थी. आशंका जताई जा रही है कि फोन पर किसी युवक से विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया. सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. परिजनों ने दोषी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.




