जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के आश्रम रोड के रहने वाले गुड्डू सिंह ने आत्महत्या कर ली है. घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार को सिदगोड़ा थाना पुलिस ने गुड्डू सिंह का शव कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गुड्डू सिंह ने अपने घर में पंखे से लटक कर आत्महत्या की. परिजनों ने देखा तो वह पंखे से लटके हुए थे. परिजनों ने फौरन गुड्डू सिंह को नीचे उतारा और शुक्रवार की देर रात एमजीएम अस्पताल ले आए. (नीचे भी पढ़ें)
यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिजनों का कहना है कि गुड्डू सिंह टिस्को में ठेकेदारी करते थे. उनके दो बच्चे हैं. गुड्डू सिंह की मौत पर पत्नी सुनीता देवी का रो-रो कर बुरा हाल है. घर के लोगों का कहना है कि गुड्डू सिंह को किसी बात की कमी नहीं थी. माना जा रहा है कि पारिवारिक तनाव के चलते उन्होंने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली.



