जमशेदपुर : स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के वायरल अश्लील वीडियो चैट मामले में दिनों दिन तूल पकड़ता जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से इस्तीफे की मांग शुरू हो गयी है. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से इस्तीफा मांगने के लिए रातों-रात हिंदू मुस्लिम एकता मंच नामक संगठन बना दिया गया. संगठन के लोगों ने भारतीय जनतंत्र मोर्चा के नेता संजीव आचार्य के नेतृत्व में शनिवार को एक पदयात्रा निकाली. यह पदयात्रा मानगो के गांधी मैदान से साकची के डीसी ऑफिस तक निकाली गयी. इस पद यात्रा के जरिए मांग की गयी कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता इस्तीफा दें. (नीचे भी पढ़ें)
संजीव आचार्य ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के वायरल वीडियो मामले में जांच चल रही है. ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को इस्तीफा देना चाहिए. क्योंकि मंत्री पद पर रहते हुए वह जांच को प्रभावित कर सकते हैं. हिंदू मुस्लिम एकता मंच के बारे में संजीव आचार्य ने बताया कि यह मंच शुक्रवार को ही बनाया गया है. अभी इसका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि इसके संयोजक बन गए हैं. अभी जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी बनने करने बाकी हैं. हालांकि उन्होंने संयोजक का नाम बताने से इंकार कर दिया. कहा कि एक दो दिन में पूरी कार्यकारिणी गठित कर दी जाएगी.




