जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचवटी नगर में रहने वाली सलोनी मुखी की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. विवाहिता की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया. सलोनी का शव उनके कमरे में फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया. मामले में मृतका के भाई सारथी मुखी ने सोनारी थाना में सलोनी के पति उमंग मुखी के खिलाफ गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी उमंग मुखी के घर पर छापेमारी की, लेकिन वहां ताला लटका मिला. पुलिस के अनुसार घटना के बाद से ही उमंग मुखी फरार है. इतना ही नहीं, आरोपी के घर के अन्य सदस्य भी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. परिजनों ने बताया कि सलोनी द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे परिवार के सदस्यों को मिली थी. इसके बाद सोनारी थाना पुलिस को सूचना दी गयी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और शुरू से ही इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार देते रहे. मृतका के परिजनों के अनुसार सलोनी की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले उमंग मुखी से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही सलोनी गुमसुम रहने लगी थी. परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी और कुछ समय तक अपनी बहन के घर पर भी रह चुकी थी. मायके पक्ष का आरोप है कि पहले सलोनी की गला घोंटकर हत्या की गयी और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.















