जमशेदपुर : जमशेदपुर टीडीएस वार्ड की ओर से बुधवार, 15 जुलाई को कदमा कुडी मोहंती ऑडिटोरियम में आयकर आयुक्त (टीडीएस), बिहार एवं झारखंड के निर्देशानुसार टीडीएस/टीसीएस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस संगोष्ठी का उद्देश्य हितधारकों के बीच टीडीएस/टीसीएस के प्रावधानों के संबंध में जागरूकता फैलाना तथा आयकर अधिनियम, 1961 से आयकर अधिनियम, 2025 में हुए प्रमुख परिवर्तनों का संक्षिप्त परिचय देना था. कार्यक्रम में प्रतिभागियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य पारदर्शी कर व्यवस्था को बढ़ावा देना तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन को प्रोत्साहित करना था. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार एवं झारखंड के आयकर आयुक्त (टीडीएस) केएल कनक ने किया. कार्यक्रम में केंद्रीय एवं राज्य सरकार के विभिन्न कार्यालयों के प्रतिनिधियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कंपनी सचिवों, संगठनों तथा विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के टीडीएस कटौतीकर्ताओं ने भाग लिया. रांची के संयुक्त आयकर आयुक्त (टीडीएस रेंज 2) संदीप गांगुली के मार्गदर्शन में जमशेदपुर के आयकर अधिकारी (टीडीएस) सुनील कुमार की देखरेख में आयोजित हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में जमशेदपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सोसायटी के अध्यक्ष मनीष मूनका, आइसीएआइ, जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया तथा आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे. इसके अतिरिक्त आयकर निरीक्षक त्रिलोचन हरपाल, संतोष राय, निहाल कुमार, ओएस शशि कुमार एवं टीए सुजीत कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे.







