जमशेदपुर: हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण एवं जन कल्याण संगठन तथा सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड, झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में साकची स्थित कैनालाइट होटल में भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया गया. रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस समारोह में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.कार्यक्रम का उद्घाटन विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर के एसपी ऋषभ तिवारी, अति विशिष्ट अतिथि भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, समाजसेविका पूर्वी घोष एवं प्राचार्य डॉ आरती रिझावन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद महिलाओं ने भगवान गणेश की आकर्षक वंदना प्रस्तुत की. गणेश वंदना के साथ समारोह का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल और भी जीवंत हो गया.समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने तीज पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला.उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में तीज का विशेष महत्व है. यह पर्व महिलाओं के उत्साह, उमंग, पारिवारिक सुख-समृद्धि और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है. ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं.(नीचे भी पढे)

सामाजिक एवं शिक्षा क्षेत्र के लोगों का सम्मान:तीज महोत्सव के दौरान शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया. शहर के जाने-माने शिक्षाविद् डॉ किशोर ओझा, डीआर सौम्या, पत्रकारों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े समाजसेवियों को आयोजन समिति की ओर से शॉल, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया. सम्मानित अतिथियों ने आयोजन समिति का आभार जताते हुए कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करती हैं..(नीचे भी पढे)
नृत्य, गीत और एकांकी ने बांधा समां:महोत्सव में महिलाओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. नृत्य और गीतों के साथ महिलाओं ने एकांकी का भी मंचन किया. प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, महिला सशक्तीकरण, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा.महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर समारोह में पहुंचीं, जिससे पूरा माहौल तीज के रंग में रंगा नजर आया. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली. नीचे भी पढे)
रानी गुप्ता के नेतृत्व में हुआ आयोजन:कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण एवं जन कल्याण संगठन की उपनिदेशिका तथा सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड की अध्यक्ष समाजसेविका रानी गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनके नेतृत्व में आयोजन समिति ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया.संस्था की उपाध्यक्ष नीतू सिंह, पदाधिकारी सविता देवी एवं संध्या रानी सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.कार्यक्रम का स्वागत संबोधन रानी गुप्ता ने किया. उन्होंने अतिथियों, सामाजिक संगठनों, महिलाओं एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि तीज महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा और संस्कृति का प्रदर्शन करने के साथ आपसी मेल-जोल एवं सामाजिक एकता को भी मजबूत कर सकें.नीचे भी पढे)
कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्याम शर्मा ने किया. उन्होंने प्रभावी संचालन से पूरे समारोह को क्रमबद्ध एवं आकर्षक बनाए रखा.अंत में धन्यवाद ज्ञापन नीतू सिंह ने किया.उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, सामाजिक संगठनों, कलाकारों, महिलाओं एवं संस्था के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया.आयोजकों ने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा, सामाजिक जागरूकता और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे. तीज महोत्सव के समापन पर उपस्थित महिलाओं और अतिथियों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने आयोजन की सराहना की.




