जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित 10 नंबर बस्ती में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जहां विजय नंदन के 14 वर्षीय इकलौते बेटे साईं की अचानक हृदय गति रुक जाने (कार्डियक अरेस्ट) से मौत हो गयी. साईं डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर में नौवीं कक्षा का छात्र था. घटना गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे की है, जब साई शौचालय से लौटने के बाद सिरदर्द की शिकायत करने लगा. माता-पिता ने सोचा कि सामान्य सिरदर्द है, इसलिए सिर में तेल लगाकर उसे आराम करने को कहा. लेकिन कुछ ही देर में दर्द असहनीय हो गयी. घबराए परिजन तुरंत उसे लेकर बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल पहुंचे. वहां उसकी स्थिति और बिगड़ने लगी, ऑक्सीजन देने के बावजूद वह बेहोश हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
हालात गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे टीएमएच रेफर कर दिया. करीब 9:30 बजे टीएमएच के डॉक्टरों ने साई को मृत घोषित कर दिया. बेटे की असामयिक मृत्यु से विजय नंदन और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. साई के चाचा सच्चिदानंद ने बताया कि डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार उसकी मृत्यु कार्डियक अरेस्ट से हुई. परिजन अभी भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं कि पूर्णतः स्वस्थ और हंसमुख बच्चा अचानक कैसे दुनिया छोड़ गया.




