जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. युवक के परिजनों का आरोप है कि एक युवती युवक को अपने साथ ले गई और बाद में उससे एक लाख रुपये की मांग की. मांग पूरी नहीं होने पर युवक के साथ मारपीट और उसे बंधक बनाए जाने का भी आरोप है. अब युवक विगत 15 दिनों से लापता है. परिवार ने उसके साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से खोजबीन और कार्रवाई की गुहार लगाई है. (नीचे भी पढ़ें)

युवक के पिता मनोज तांती के अनुसार, उनका पुत्र रोहित तंतुवाइ तीन सितंबर को कदमा रिंग रोड निवासी श्वेता महतो को अपने घर लेकर आया था. दोनों ने शादी करने की बात कही, लेकिन नाबालिग होने के कारण परिवार ने दोनों को बिरसानगर थाना पहुंचाया. वहां से उन्हें कदमा थाना भेजा गया. बाद में दोनों को परिजन अपने घर ले आए. 10 सितंबर को युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि 11 सितंबर को युवती फिर रोहित के घर पहुंची और केस करने की धमकी देते हुए उसे अपने साथ ले गई. इसके बाद दोनों बिरसानगर में किराये के मकान में रहने लगे. कुछ समय बाद युवती ने रोहित के परिवार से एक लाख रुपये की मांग की. आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण परिवार रुपये नहीं दे सका. परिजनों का आरोप है कि इसके बाद युवती ने परिजनों और महिला समिति के सदस्यों के साथ मिलकर रोहित को बंधक बनाकर मारपीट की. अब रोहित विगत 15 दिनों से लापता है. परिवार पुलिस से उसे जल्द खोजने और मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है.







