
जमशेदपुर : संस्कार भारती झारखण्ड प्रान्त द्वारा ऑनलाइन पुस्तक लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पटना सिटी के सांसद रविशंकर प्रसाद शामिल हुए. उन्होंने स्व डॉ वीणा श्रीवास्तव को एक आदर्श गुरु के रूप में याद किया. उन्होंने कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिता में पुरस्कृत करना हो या छात्र नेता का चुनाव करना हो डॉ वीणा श्रीवास्तव सदा ही अभिभावक तुल्य नजर आयीं. यह कार्यक्रम वर्चुअली आयोजित हुआ. कीर्ति शेष डॉ वीणा श्रीवास्तव पुस्तक का सम्पादन डॉ मुदिता चंद्रा प्राचार्य ने किया है. कार्यक्रम के दौरान सभी ने डॉ वीणा श्रीवास्तव को भाभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस कार्यक्रम में आगरा के बाबा योगेन्द्र विशिष्ट अतिथि के रूप में जुड़े.

98 वर्षीय योगेन्द्र ने डॉ वीणा श्रीवास्तव के अनेक संस्मरण सुनाते हुए कहा कि संस्कार भारती में डॉ वीणा का अमूल्य योगदान रहा है. केन्द्रीय महामंत्री अमीर चन्द ने भी डॉ वीणा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पद्मश्री डॉ शैलेन्द्रनाथ श्रीवास्तव, अध्यक्ष संस्कार भारती की पत्नी ने अपने पति से पहले संस्कार भारती की सदस्यता ली थी और आजीवन एक साहित्यकर्मी के दायित्व को निभाया था. पटना से भूतपूर्व पार्षद और पटना विवि की सीनेट सदस्य प्रो किरण घई ने बहुत भावुकतापूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि 14 वर्ष की थी जब अपनी गुरु वीणा दी के सम्पर्क में आयी. उन्होंने मेरे व्यक्तित्व का निर्माण किया है. कार्यक्रम का संचालन एबीएम कॉलेज की प्राचार्या डॉ मुदिता चंद्रा ने किया. दिल्ली से आमोद कन्ठ, अनीता सिंह, झारखण्ड से डॉ रत्ना पुरकायस्था, पटना से अभिजीत कश्यप, लंदन स्टेट बैंक से प्रभाकर काजा ने भी अपने उदगार व्यक्त किये. इस कार्यक्रम में शशि सिन्हा, दीपक घई, डॉ.उषा सिंह, डॉ.मधु वर्मा, डॉ अखिलेश्वरी नाथ, डॉ. उषा किरण खां, रानी सुमिता, रमा सिन्हा, कुमकुम नारायण के अलावा साहित्यिक क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ परिवार के सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे. पारिजात सौरभ, अविनाश सहायश्री, अंजनी किशोर सहाय, अपराजिता शुभ्रा ने कार्यक्रम में सफलतापूर्वक भूमिका निभायी. इसके साथ ही धन्यवाद ज्ञापन जमशेदपुर संस्कार भारती की अध्यक्ष डॉ जूही समर्पता ने किया.




