
जमशेदपुर:जमशेदपुर में आए दिन घर में घुसकर चोरी की घटनाएं होती रहती है. हालांकि इस बार चोरी करते हुए गुलगुलिया गैंग की करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई. मामला सिदगोड़ा क्षेत्र के विद्यापतिनगर के निराला पथ का है जहां गुलगुलिया गैंग के चार सदस्य जिसमें तीन बच्ची भी शामिल है ने घर में घुसकर मोबाइल की चोरी कर ली. सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि निराला पथ में एक गुलगुलिया महिला तीन बच्ची के साथ घुमती है. सभी एक एक घर की जांच करते है. महिला एक घर के दरवाजे पर जाकर उसे खोलने का प्रयास करती है पर दरवाजा नही खुलने पर वह दुसरे घर की ओर जाती है, वहीं बच्चे भी हर घर के पास जाकर जांच करते है.
थोड़ी देर बाद महिला को एक घर का दरवाजा खुला मिलता है. वह दरवाजे के पास जाकर थोड़ी देर खड़ी रहकर उसे अंदर से खोलने का प्रयास करती है जबकि उसके साथ मौजूद बच्चे रेकी करते है. दरवादे को खोलने के बाद वह एक बच्ची को घर के अंदर घुसा देती है औऱ खुद बाहर उसकी इंतजार करती है. थोड़ी देर बाद जब बच्ची अंदर से बाहर निकलती है तो महिला एक बच्ची को गोद में उठाकर मौके से तेजी से फरार हो जाती है. ये सारी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है. घटना शनिवार दोपहर 11.45 बजे की है. इस संबंध में सिदगोड़ा थाना प्रभारी मनोज ठाकुर द्वारा बताया गया कि शनिवार की दोपहर उन्हे किसी ने फोन कर जानकारी दी थी कि उनके घर में घुसकर कुछ लोगों ने मोबाइल की चोरी कर ली है जिसके बाद उन्होने अपने एक अफसर को मौके पर जांच के लिए भेजा था. थाना प्रभारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं की है.



