जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलडीह ग्वाला बस्ती में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाकर लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने अवधेश कुमार के घर में सुनियोजित तरीके से प्रवेश किया. हैरानी की बात यह है कि चोरों ने एक-दो नहीं, बल्कि घर के छह दरवाजों के ताले तोड़ दिए और अंदर रखी छह अलमारियों को खंगाल डाला. अलमारियों में रखे करीब 18 से 20 लाख रुपये के सोने के जेवरात चोरी कर चोर मौके से फरार हो गए. पीड़ित अवधेश कुमार ने बताया कि उनका पूरा परिवार पिछले पांच दिनों से नामदा बस्ती स्थित दूसरे घर में शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान चोरों ने खाली पड़े मकान का फायदा उठाकर इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संभावित सुराग जुटाने में लगी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.



