रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर /मनोहरपुर : मनोहरपुर थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, मनोहरपुर थाना में अभयपुर सरना टोली के अजीत तिर्की (19 वर्ष) और काशीजोड़ा के राजू लकड़ा (29 वर्ष) शामिल हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता नाबालिग है और जराइकेला थाना क्षेत्र के डोमलाई गांव की रहने वाली है. वह अभयपुर गांव में अपने मामा के घर एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी. इसी दौरान दोनों आरोपियों द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है. घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. इसके बाद पीड़िता की मां की शिकायत पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.



