शार्प भारत : करवा चौथ का व्रत हर साल कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि में किया जाता है. यह व्रत करक चतुर्थी व्रत के नाम से भी जाना जाता है. करवा चौथ सुहागिन महिलाओं के लिए खास माना जाता है. इस दिन महिलाएं सोलह शृंगार कर अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए दिन भर निर्जला व्रत करती हैं. शाम में चांद दिखने के बाद पूजा कर अपना व्रत तोड़ती हैं. व्रत में चीनी के करवा और चांदी के चौथ माता की पूजा की जाती है. पूजा में रोली, चावल, मौली, फल आदि चढ़ाया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
करवा चौथ की तिथि और शुभ मुहूर्त : कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 9 अक्टूबर की रात 10.54 बजे शुरू होगी और 10 अक्टूबर की शाम 7.38 बजे खत्म होगी. उदयतिथि के अनुसार करवा चौथ व्रत 10 अक्टूबर को रखा जायेगा. करवा चौथ की पूजा करने का शुभ मुहूर्त सुबह 5.16 बजे से संध्या 6.29 बजे तक है. (नीचे भी पढ़ें)
करवा चौथ पूजा विधि : करवा चौथ की पूजा शाम के समय होती है, जिसमें महिलाएं समूह में एकत्रित होकर करवा माता की पूजा करती हैं. पूजा में मिट्टी या धातु का करवा (घड़ा) और दीपक का विशेष महत्व होता है. पूजा करते समय महिलाएं करवा चौथ की कथा सुनती हैं और करवा माता से अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की प्रार्थना करती हैं. करवा चौथ की आरती के बाद महिलाएं अपने पति के हाथों से पानी पीकर और भोजन ग्रहण करके व्रत तोड़ती हैं.














