जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने से मरीजों और उनके परिजनों में चिंता बढ़ गई है. अस्पताल के अलग-अलग वार्डों और परिसर में हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोमवार को एनआईसीयू वार्ड के बाहर चार्जिंग पर रखा एक युवक का मोबाइल चोरी हो गया, जबकि रविवार रात गायनिक वार्ड के बाहर सो रहे एक व्यक्ति की जेब काटकर बदमाश पर्स लेकर फरार हो गया. सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एनआईसीयू वार्ड के बाहर दूसरे तल्ले में एक युवक ने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया था. इसी दौरान अज्ञात युवक ने मौका पाकर मोबाइल चोरी कर लिया. घटना का पता चलने के बाद अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल अधीक्षक को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक मोबाइल ले जाते हुए दिखाई दिया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार एनआईसीयू में भर्ती नवजात बच्चों के परिजनों के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से कूपन की व्यवस्था की गई है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वार्ड के बाहर केवल अधिकृत परिजन ही मौजूद रहें. हालांकि, इसके बावजूद कई बार बाहरी लोग भी इस क्षेत्र में पहुंच जाते हैं. इससे भीड़ बढ़ने के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी होती है. (नीचे भी पढ़ें)
सुरक्षाकर्मियों द्वारा बाहरी लोगों को हटाने की कोशिश किए जाने पर कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है. वहीं, रविवार रात करीब नौ बजे गायनिक वार्ड के बाहर चोरी की दूसरी घटना हुई. बोड़ाम प्रखंड के डांगरडीह गांव निवासी विनोद सिंह वार्ड के बाहर सो रहे थे. इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने ब्लेड से उनकी पैंट की जेब काटकर पर्स निकाल लिया. पर्स में करीब नौ हजार रुपये नकद, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड समेत कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे. विनोद को चोरी की जानकारी तब हुई, जब उनके बहनोई खाना लेकर पहुंचे और उन्हें जगाया. इसके बाद उन्होंने अपनी जेब की जांच की तो पर्स गायब मिला. घटना की सूचना तत्काल ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को दी गई. अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल है. लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि बाहरी और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर तत्काल नजर रखी जा सके. मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से वार्डों के बाहर सुरक्षा बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करने, बाहरी लोगों के अनधिकृत प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी को प्रभावी बनाने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा.




