जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित नार्थ काशीडीह बाराद्वारी में बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया. इस संबंध में क्वार्टर संख्या एल-4/63 निवासी चौधरी ब्रह्म नारायण राम ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार 16 जुलाई को वह अपने क्वार्टर में ताला लगाकर दोपहर करीब 1:30 बजे मानगो स्थित कल्याण बिहार कॉलोनी में गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. (नीचे भी पढ़ें)
रात करीब 8:30 बजे लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजा खोलकर घर में प्रवेश किया तो देखा कि आलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि आलमारी में रखा भवन निर्माण के लिए रखा करीब तीन लाख रुपये नकद, लगभग 2.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, उनकी रसीदें तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे. (नीचे भी पढ़ें)

पीड़ित के अनुसार, चोर पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे थे. घटना की सूचना तत्काल डायल-100 पर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.




