
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत गौरी शंकर रोड स्थित प्रेम अपार्टमेंट के फ्लैट में गुरुवार की दोपहर चोरों ने हाथ साफ कर दिया. इधर जब फ्लैट निवासी अनीता साहा मौके पर पहुंची तो पाया कि फ्लैट का दरवाजा बाहर से टूटा हुआ है और कुण्डी को फंसाया गया है. उन्होंने जब कुंडी खोला और अंदर गई तो पाया कि घर में सामान बिखरा पड़ा है. वह जब अपने कमरे में गई तो कमरे में भी सामान बिखरा हुआ था और तिजोरी खुली हुई थी. जांच करने पर उन्होंने कई गहने गायब पाए, जिसमें दो सोने की चूड़ियां, पांच सोने की अंगूठी, एक कान का टॉप, एक चांदी की पायल और इसके अलावा कई सारे गहने गायब थे. गहनों के अलावा भी चोरों ने तिजोरी में रखा 30 हजार रुपए उड़ा लिये हैं. उन्होंने इसकी सूचना तत्काल जुगसलाई पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की. घटना के संबंध में अनीता साहा ने बताया कि उनके पति अंशुमन साहा मसाले का कारोबार करते हैं. हर रोज 11:30 बजे वह अपने ससुराल जाती थी और वापस लगभग 4 बजे आ जाती थी. गुरुवार को भी 11:30 बजे वह अपने ससुराल गई थी. जब वापस आई तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और घर में चोरी हो गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.


















