जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के आजादनगर रोड नंबर 3 स्थित जाहिद अपार्टमेंट में चोरी की बड़ी वारदात हुई है. अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 301 और 401 में चोरों ने सोने के गहने और नकद चोरी कर लिए है. इसके अलावा फ्लैट नंबर 402 का ताला भी तोड़ने की कोशिश की गयी लेकिन चोर सफल नहीं हो सके. 301 और 401 नंबर फ्लैट में अकेली महिलाएं रहती हैं और घटना के समय दोनों ही घर से बाहर थीं. चोरी रविवार करीब शाम 6 बजे के बीच हुई. एक महिला शाहिस्ता को जानकारी तब हुई जब वह ड्यूटी कर घर लौटी. शाहिस्ता टीएमएच की कर्मचारी है. वहीं अपार्टमेंट में दो गार्ड तैनात रहते हैं, एक सुबह और एक शाम की ड्यूटी पर फिर भी ये घटना हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

गार्ड का कहना है उन्होंने किसी अजनबी को अपार्टमेंट में आते-जाते नहीं देखा. इस आधार पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि चोरी में किसी अंदर के व्यक्ति का ही हाथ हो सकता है. बस एक डिलीवरी बॉय शाम के वक्त फ्लैट के अंदर गया था. यहां रहने वालों का कहना है कि अपार्टमेंट में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं जबकि हर महीने मेंटेनेंस शुल्क लिया जाता है. फिलहाल मानगो पुलिस मामले की जांच कर रही है. अंदाजा है कि चोरी में करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. आगे की जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी.











