
जमशेदपुर : केंद्रीय सरहुल पूजा समिति जमशेदपुर की ओर से इस साल सरहुल पर्व पर झांकी नहीं निकालने की घोषणा की गयी है. सरहुल पूजा समिति के जिलाध्यक्ष राकेश उरांव ने बताया कि कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए समिति की ओर से इस पर्व पर झांकी नहीं निकालने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने बताया कि पारंपरिक तरीके से जाहेर थान में पूजा पाठ किया जाएगा. उन्होंने बताया कि आदिवासी समाज प्रकृति के साधक होते हैं. इस वैश्विक आपदा से प्रकृति ही हमें निजात दिलाएगी. सरकारी गाइडलाइन के अनुसार इस साल ना कोई सभा होना है, ना कोई जुलूस निकालना है. ऐसे में आदिवासी समाज भी सरहुल पर कोई झांकी नहीं निकालेगा. उन्होंने जिले के लोगों को सरहुल पर्व की बधाइयां देते हुए घरों में रहकर ही इस पर्व को पारंपरिक तरीके से मनाने और कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मास्क और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने की अपील की.




