जमशेदपुर : कदमा थानांतर्गत भाटिया बस्ती विवेकानंद रो़ड स्थित मकान के आंगन से विगत 4 मार्च को हुई सामानों की चोरी के प्राथमिकी अभियुक्त यीशु मुखी उर्फ ईशु मुखी उर्फ डेपनेट मुखी सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यही नहीं, पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर चोरी गई तीन एक्साइड पावर सैफ बैटरियों को बरामद भी कर लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि विगत 5 मार्च को यीशु मुखी उर्फ इशू मुखी उर्फ डेपनेट मुखी के विरुद्ध विवेकानंद रोड स्थित मकान के आंगन में रखी तीन बैटरियों सहित अन्य सामानों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी. वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा के नेतृत्व में गठित छापामार दल ने मामले में नामजद यीशू मुखी को गिरफ्तार कर लिया. बाद में उससे पूछताछ के क्रम में उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अजय रजक के घर से चोरी गई तीन बैटरियां बरामद करते हुए अजय एवं अमन साहू को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने पूछताछ के पश्चात अग्रेतर कार्रवाई करते हुए तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.






