
जमशेदपुर : लॉक डाउन के दौरान दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी श्रमिकों तथा छात्र-छात्राओं का झारखंड लौटने का क्रम जारी है. इसी क्रम में मंगलवार की सुबह एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन आंध्रप्रदेश के कुरनूल से टाटानगर स्टेशन पहुंची. इस ट्रेन से झारखंड के विभिन्न जिलों तथा बिहार के कुछ लोगों को मिलाकर लगभग 1135 प्रवासी आए. स्टेशन परिसर में थर्मल स्क्रीनिंग के पश्चात सभी को भोजन का पैकेट एवं पेयजल उपलब्ध कराते हुए गृह जिला भेजा गया. प्रवासियों में झारखंड के विभिन्न जिले यथा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, गुमला, सिमडेगा, बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, हज़ारीबाग़, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, पाकुड़, दुमका, सरायकेला खरसांवा, पलामू, गोड्डा तथा बिहार के गया जिले के लोग शामिल थे. यहां जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, डीसीएलआर धालभूम रविन्द्र गगराई, जमशेदपुर सदर अंचलाधिकारी अनुराग तिवारी तथा अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए स्टेशन परिसर से बस तक भेजे गए प्रवासी
श्रमिक स्पेशल ट्रेन के आगमन के उपरांत रेलवे सुरक्षा बल एवं जिला पुलिस के आपसी समन्वय से प्रवासियों को एक के बाद एक बोगी से सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराते हुए उतारा गया. वहीं स्टेशन परिसर से बस तक पहुंचाने हेतु रेलवे सिविल डिफेंस के वॉलंटियर की मदद ली गई ताकि वे संबंधित जिलों के बस तक बिना किसी परेशानी के पहुंच सकें.
रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा की थी व्यापक व्यवस्था
विधि व्यवस्था के सफल संधारण हेतु रेलवे स्टेशन परिसर में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी. सामाजिक दूरी का अनुपालन कराने के लिए स्टेशन परिसर में गोल घेरा बनाया गया था. सुरक्षाबलों के द्वारा श्रमिकों से सामाजिक दूरी का अनुपालन कराया जा रहा था.







