जमशेदपुर : टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टीएसजेडपी) ने भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया. इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराई. समारोह की शुरुआत टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क के निदेशक डॉ नईम अख्तर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाने के साथ हुई. इस अवसर पर जू के कर्मचारी, अधिकारी और अन्य सदस्य उपस्थित रहे. सभी लोगों ने गर्व के साथ राष्ट्रगान गाया और उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके बलिदानों से भारत की स्वतंत्रता सुनिश्चित हुई. (नीचे भी पढ़ें)

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ नईम अख्तर ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जहां आजादी, एकता और प्रगति का उत्सव है, वहीं यह राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों पर विचार करने का अवसर भी है. उन्होंने जू के प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि चाहे कोई पशु देखभाल, पशु चिकित्सा सेवाओं, शिक्षा, रख-रखाव, सुरक्षा, प्रशासन या आगंतुक प्रबंधन से जुड़ा हो, हर व्यक्ति वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के व्यापक उद्देश्य में योगदान करता है. उन्होंने जू के पशुओं का कल्याण सुनिश्चित करने और आगंतुकों को प्रकृति के प्रति सम्मान एवं उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करने में कर्मचारियों की लगन, कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना की. उन्होंने टीएसजेडपी टीम से संरक्षण, शिक्षा और पशु कल्याण के क्षेत्र में जू को एक आदर्श संस्थान बनाने की दिशा में मिलकर निरंतर कार्य करने का आग्रह किया, ताकि एक हरित, सशक्त और अधिक सस्टेनेबल भारत के निर्माण में योगदान किया जा सके. निदेशक ने जू के विकास और सफलता में सभी कर्मचारियों के बहुमूल्य योगदान के लिए उनका आभार जताया और उन्हें समर्पण एवं गर्व के साथ संस्थान और राष्ट्र की सेवा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया. (नीचे भी पढ़ें)
स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन संविधान के मूल्यों को बनाए रखने, देश की समृद्ध जैव विविधता की रक्षा करने तथा वन्यजीवों और समाज के कल्याण के लिए अथक प्रयास करने के सामूहिक शपथ के साथ हुआ. यह आयोजन देशभक्ति, टीम भावना और प्रतिबद्धता की उस भावना को दर्शाता है, जो टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क और उसके संरक्षण एवं जन-जागरूकता के मिशन की पहचान है.




