जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के स्वर्णरखा प्रोजेक्ट कॉलोनी में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर की कुल 33 पुड़िया बरामद की है जिनका कुल वजन 6.56 ग्राम बताया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कॉलोनी क्षेत्र में नशीले पदार्थों का अवैध लेन-देन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर उलीडीह थाना पुलिस ने सुबह करीब 10:30 बजे छापामारी की. छापामारी के दौरान मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया गया. पकड़ाए आरोपियों की पहचान जम्भूबन महतो और राहुल कुमार पंडित के रूप में हुई है. दोनों आरोपी कपाली ओपी क्षेत्र स्थित तामोलिया के निवासी बताए जा रहे हैं. बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जा रही थी.






