जमशेदपुर : जमशेदपुर के जादूगोड़ा स्थित तुरामडीह माइंस में काम के दौरान ठेका कर्मी स्व. जयराम हांसदा की इलेक्ट्रिक शॉक से मौत हो गई थी. घटना के बाद से पिछले तीन दिनों से पीड़ित परिवार और ग्रामीण कंपनी गेट पर धरना-प्रदर्शन कर हड़ताल कर रहे थे. पोटका के विधायक संजीव सरदार निजी कारणों से राज्य से बाहर थे. लौटते ही उन्होंने मंगलवार को सीधे पीड़ित परिवार से मुलाकात की और आंदोलन स्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया. तत्पश्चात विधायक संजीव सरदार की अध्यक्षता में पीड़ित परिवार, जिला प्रशासन और यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) प्रबंधन के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई. (नीचे भी पढे)

वार्ता के बाद सहमति बनी कि खान अधिनियम 1923 के तहत कंपनी पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये और संवेदक की ओर से 8 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा. इसके अलावा, परिवार के एक आश्रित – सोमवारी हांसदा (आश्रित पत्नी) को यूसिल में तीन महीने के भीतर स्थायी नौकरी प्रदान करने पर भी सहमति बनी. इस समझौते के बाद परिजनों ने अनशन समाप्त किया और कंपनी गेट जाम हटाया. इस अवसर पर यूसिल के मनोज कुमार निदेशक तकनीकि, चंचल मन्ना महाप्रबंधक (खान), राकेश कुमार डीजीएम (कार्मिक) के साथ प्रशासनिक अधिकारी चंद्रजीत सिंह अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम, डीएसपी संदीप भगत, डीएसपी तौकीर आलम, मनोज कुमार, अंचल अधिकारी शामिल थे. बैठक में आश्रित एवं अन्य लोग सोमवारी हांसदा (आश्रित पत्नी), बाघराय मार्डी पूर्वी सिंघभूम जिला संयोजक प्रमुख झामुमो, बहादुर किस्कू, महावीर मुर्मू, पालटन मुर्मू, रामचंद्र मार्डी, जितराई हांसदा, सुधीर सोरेन, जीतेन हेंब्रम, चंद्रशेखर हांसदा, मंगल केराई, गणेश सरदार, बिल्टू हांसदा शामिल थे. इस वार्ता में घाटशिला के वरीय झामुमो नेता और स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन भी मुख्य रूप से मौजूद रहे.











