
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत गंगोत्री इंक्लेव निवासी एक 17 वर्षीय नाबालिग के साथ उसके चाचा द्वारा दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. मंगलवार की शाम पीड़िता कदमा थाना में शिकायत करने पहुंची. पीड़िता ने बताया कि उसके पिता की मौत पूर्व में ही हो चुकी है. पिता की मौत के बाद वह चाचा के साथ रहने लगी. पिछले कुछ सालों से उसके 55 वर्षीय चाचा उसके साथ दुष्कर्म कर रहे हैं. यह बात उसने घर पर बताई तो उसे धमकाया गया कि किसी को इस बारे में बताया तो घर से निकल देंगे. इस बीच उसके मामा के बेटे ने भी उसके साथ गलत किया. कुछ माह पहले ही वह इस बात से तंग आकर आदित्यपुर टोल ब्रिज से कूद कर आत्महत्या करने गई थी. वहां मौजूद पुलिस कर्मी ने उसे बचाया और थाना ले आए. थाना में दोनों के बीच समझौता हुआ था. उसके बाद चाचा ने फिर से दुष्कर्म करना शुरू कर दिया था. होली की रात उसके चाचा ने उसे घर से निकाल दिया. वह घर से निकली तो अनिल सुरपथ निवासी समृद्ध कुमार ने उसे देखा और अपने घर ले गये. कुछ दिन रहने के बाद उसने पूरी कहानी बताई. अब वह थाने में शिकायत करने पहुंची है. फिलहाल पीड़िता थाने में लिखित शिकायत कर रही है.





