जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित उत्कल एसोसिएशन से आरएसबी समूह के वाइस चेयरमैन सह संस्था के संरक्षक एसके बेहरा ने अपने सारे पदों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन कर इस्तीफा की पूरी जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि एसोसिएशन में कुछ लोग गलत तरीके से चुनाव कराना चाहते थे. इस कारण इसको लेकर काफी विवाद हो रहा था. उन्होंने कहा कि जहां भी विवाद होता है, वहां हम खुद को अलग रखते है. इस कारण हम एसोसिएशन से अपने आपको अलग रख रहे है. अगर सारे लोग एकजुट हो जायेंगे तो हम सबके आग्रह पर फिर से संस्था से जुड़ सकते है. लेकिन अगर विवाद होगा तो हम इस संस्था से नहीं जुड़ सकते है. उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के कुछ पदाधिकारियों ने चुनाव को लेकर घोषणा कर दी और नये 109 सदस्यों को इंट्री करा दी है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि चुनाव से ठीक पहले नये सदस्य को लाना गलत था. इसको लेकर विवाद हो गया. इसके बाद उन्होंने सारे ट्रस्टी और पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की. इसके बाद तय हुआ कि 109 सदस्यों को बाद में इंट्री कराया जायेगा या फिर चुनाव टाल दिया जायेगा. एसके बेहरा ने बताया कि इस बीच आमसभा बुलायी गयी. आमसभा में फैसले के ठीक विपरित घोषणा कर दी गयी कि 109 नये लोगों को वोटर बनाते हुए नये सिरे से चुनाव कराया जायेगा. इसके बाद से विवाद हो गया. 22 पदाधिकारियों में से 16 पदाधिकारी इस फैसले के खिलाफ हो गये. लेकिन फिर भी कुछ लोग चुनाव कराने पर आमादा हो गये तो हम खुद को इससे अलग कर लिये. उन्होंने बताया कि कुछ लोग संस्था को बदनाम करने में लगे है. ओडिया समाज को बदनाम करना चाहते है. उन्होंने बताया कि कुछ लोग इस मामले को लेकर झारखंड हाईकोर्ट की शरण में गये है. हाईकोर्ट ने याचिका को स्वीकार कर लिया है. इस मामले में कोर्ट का जो फैसला आयेगा, उसको मान्य किया जायेगा. इसमें जरूर न्याय मिलेगा.




