जमशेदपुर : अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम 1952 से भारत के सुदूर वनांचल में निवास कर रहे लगभग 12 करोड़ जनजातीय बंधुओं का धर्म-संस्कृति, परंपरा एवं पहचान को अक्षुण्ण रखते हुए विविध प्रकल्पों, कार्यक्रमों तथा उपक्रमों के माध्यम से निरंतर कार्यरत है. वनवासी कल्याण केन्द्र, झारखण्ड सन् 1969 से झारखण्ड के सुदूर जनजातीय समाज के बीच धर्म-संस्कृति -परम्पराओं के संरक्षण के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रत्यत्नशील है. झारखण्ड के सभी जिलों में संस्था द्वारा जनजाति समाज के बच्चों में शिक्षा के प्रसार के लिए 75 बाल संस्कार केन्द्र, 81 प्राथमिक एवं उच्च विद्यालय एवं 20 छात्रावास चलाये जा रहे हैं. स्वास्थ्य उपचार के लिए एक अस्पताल, एक दैनिक चिकित्सा केन्द्र एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविरों द्वारा सुदूर ग्रामीण वन क्षेत्रों में स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया जा रहा है. आर्थिक विकास हेतु एक कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र और महिलाओं में स्वावलंबन के लिए 4 सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र तथा 1302 स्वयं सहायता समूह गठन कर स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य प्रभावी ढंग से हो रहा है. सुदूर जनजाति क्षेत्रों में जन-जागरण एवं आत्मविश्वास विकसित करने हेतु कई प्रकार के कार्य चलाये जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
आगामी 22 एवं 23 अगस्त को वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड के तत्वाधान में प्रांत स्तरीय नगरीय समिति कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग जमशेदपुर बिस्टुपुर स्थित सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कॉमर्स भवन में आयोजन किया जा रहा है. इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में झारखंड के विभिन्न नगरों से नगर समिति के कार्यकर्तागण एवं पदाधिकारीगण सहभागी होंगे. इस वर्ग का प्रमुख उद्देश्य नगर समिति के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्य पद्धति, कार्यकर्ता निर्माण, समाज संपर्क, सेवा कार्यों के विस्तार तथा वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में संगठन की भूमिका के विषय में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान करना है. इस वर्ग के दौरान विभिन्न सत्रों में नगर समिति की रचना एवं कार्य पद्धति, कार्यकर्ता विकास, समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क, सेवा गतिविधियों का विस्तार, संगठनात्मक अनुशासन तथा आगामी कार्ययोजना जैसे विषयों पर चर्चा एवं मार्गदर्शन होगा. इस प्रेसवार्ता में प्रांत संगठन मंत्री सुशील मरांडी, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष राजेंद्र कुमार झुनझुनवाला, सचिव ललित सिंघानिया, सह सचिव सुरा बिरुली, जमशेदपुर महानगर महिला अध्यक्षा सुनीता जयसवाल, उपाध्यक्ष अंजु मुण्डा, सचिव प्रतिमा रानी मिश्रा उपस्थित रहे.




