जमशेदपुर : पीने का पानी खरीदने की बात तो बहुत सामान्य है, पर जल संकट लोगों के दरवाजे पर इस तरह दस्तक दे रहा है कि अपने दैनंदिन काम के लिए भी लोग अब पानी खरीदने को मजबूर हो रहे हैं. जमशेदपुर के हरहरगुट्टू प्रेम कुंज में भूगर्भ जल का स्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे लोगों के घरों के मोटर पंप काम नहीं कर रहे हैं. समस्या इतनी विकराल है कि लोग पानी खरीदने को मजबूर हो रहे हैं.
स्थानीय निवासी अजीत साव ने बताया कि वे हर दूसरे-तीसरे दिन एक हजार लीटर पानी खरीदते हैं, जिसके लिए वे 550 रुपये का भुगतान कर रहे हैं. (नीचे भी पढे़ं)

कुछ प्राइवेट लोग टेम्पो में पानी टंकी रख कर पानी की सप्लाई करने का काम करते हैं. टुल्लू पंप की सहायता से पानी घर की टंकी में चढ़ा दिया जाता है और पैसे लिये जाते हैं. अजीत साव ने बताया कि मार्च महीने के अंत से ही यह समस्या शुरू हो जाती है और जून-जुलाई तक लोगों की परेशानी जारी रहती है. अजीत ने बताया कि घर में बुजुर्ग माता पिता और छोटे बच्चे हैं. वे काम पर जाते हैं, तो पानी का इंतजाम कौन करेगा, इसलिए पानी खरीदना पड़ता है. यह समस्या सिर्फ अजीत की नहीं, लगभग पूरे क्षेत्र के रहनेवाले परिवारों की है. जो लोग पैसे देकर पानी नहीं खरीद सकते, वे घंटों पानी के लिए लाइन लगते हैं या नदी जाकर अपना ज्यादातर घरेलू काम निपटाते हैं. क्षेत्र में टैंकर से पानी की सप्लाई तो होती है, पर वह इतनी बड़ी जनसंख्या के लिए पर्याप्त नहीं है.











