
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में 30 सितंबर से 7 अक्तूबर तक श्री अग्रसेन जयंती समारोह-2021 का आयोजन किया गया है. पहले दिन गुरुवार को नेत्र जांच व रक्तदान शिविर के साथ समारोह की शुरुआत हुई. साकची स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर के सभागार में पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन से संबद्ध अग्रवाल युवा मंच के तत्वावधान में उक्त शिविर का आयोजन किया गया. आयोजकों ने बताया कि नेत्र जांच शिविर का संचालन एएसजी आई हॉस्पिटल के सहयोग से किया जा रहा है. वहीं रक्तदान शिविर में लोग उत्साहपूर्वक हिस्सा लेने के साथ ही रक्तदान भी कर रहे हैं. शाम 5:30 बजे से उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जायेगा, जिसमें समाज की विभूतियों को सम्मानित भी किया जायेगा.




