जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय की छात्राओं की ओर से बुधवार को घाघीडीह प्राथमिक विद्यालय में सामुदायिक सेवा अभियान चलाया गया. इसमें बीएड प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने विद्यालय विभिन्न सामुदायिक विषयों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित कर जन जागरूकता अभियान चलाया. कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में शिक्षा संकाय के प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं के लिए बुधवार को सामुदायिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसके तहत बीएड प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने घाघीडीह प्राथमिक विद्यालय परिसर में सामुदायिक जागरूकता अभियान चलाया. छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ किश्वर आरा एवं शिक्षा संकाय की कोऑर्डिनेटर डॉ कामिनी कुमारी के सहयोग से शिक्षकों ने पाठ्यक्रम के तहत बीएड प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं के लिए सामुदायिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया. इस आयोजन में पंचायत के मुखिया मिर्जा हांसदा, ग्राम प्रधान जगदीश सरदार, प्रधानाचार्य शुभलक्ष्मी आदि भी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यालय के शिक्षकों ने कार्यक्रम में आये सभी अतिथियों का स्वागत किया, जिसके बाद बीएड प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने स्वास्थ्य और महिला जागरूकता के विषय को लेकर दो समूहों में बंट कर कार्यक्रम आयोजित किये. प्रथम समूह की छात्राओं ने “स्वस्थ आहार एव अस्वस्थ आहार” विषय पर विभिन्न गतिविधियां एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक करने की कोशिश की. वहीं दूसरे समूह की छात्राओं ने महिलाओं को स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर जागरूक करने की कोशिश की. इसके तहत नाटक एवं अन्य गतिविधियां भी प्रदर्शित की गईं. इस कार्यक्रम में बच्चों और ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने अत्यंत उत्सुकता के साथ हिस्सा लिया. कार्यक्रम के अंत में उन्हें भी शारीरिक स्वास्थ्य से संबंधित उपहार प्रदान किये गए. कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ अजंनी कुमारी, डॉ कविता, डॉ वी श्यामला, डॉ नेहा मिंज, सुधा सिंह, गीता महतो, सहित अन्य अधिकारियों एवं छात्राओं ने अहम भूमिका निभाई.














