जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी को भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज) की सदस्यता मिल गयी है. एआइयू की विगत 17 फरवरी को हुई बैठक में जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी को संघ की सदस्यता प्रदान की गयी. एआइयू ने इस संबंध में जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी को इस आशय का पत्र भेजा है. (नीचे भी पढ़ें)

यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता डॉ. सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि वीमेंस यूनिवर्सिटी ने पिछले वर्ष स्वतंत्र रूप से काम करना शुरू किया. उसके बाद से ही कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता एआइयू की सदस्यता के लिए प्रयासरत रहीं. इसके लिए सर्वप्रथम आवश्यक शर्तें पूरी की गईं. इस कड़ी में पहले यूजीसी की 2(एफ) की श्रेणी प्राप्त की गई, जिसके बाद अन्य सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद यूनिवर्सिटी ने एआइयू की सदस्यता के लिए आवेदन किया था. (नीचे भी पढ़ें)
कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने बताया कि यूनिवर्सिटी को एआइयू की सदस्यता मिलना सम्मान की बात तो है ही, साथ ही इससे विश्वविद्यालय की छात्राओं को एकेडमिक और कोक्युरिकुलर एक्टिविटीज का अधिकाधिक एक्सपोज़र भी मिल सकेगा एवं विदेशों में उच्च शिक्षा या कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए या भारतीय संस्थाओं से शोध करने के लिए फंडिंग में भी आसानी होगी. यही नहीं, यूनिवर्सिटी की छात्राएं अब किसी भी स्पोर्ट्स मीट या विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी स्वतंत्र टीम भेज सकेगी, जिससे यहां की छात्राओं को अपनी यूनिवर्सिटी के साथ अलग पहचान मिलेगी. इसके अलावा एआइयू की सदस्यता मिल जाने से विदेशी शैक्षणिक संस्थाओं से एमओयू या अन्य तरह के कोलेबोरेशन सहित अन्य क्षेत्रों में अहम भूमिका निभाने का अवसर भी मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
सदस्यता से यूनिवर्सिटी को होंगे कई लाभ यूनिवर्सिटी के लिए यह सरकार (केंद्रीय और साथ ही राज्य सरकारों) के बीच एक संपर्क के रूप में कार्य करेगा और सामान्य हितों के मामलों में अन्य विश्वविद्यालयों या निकायों के साथ सहयोग प्राप्त करने में सहायता मिलेगी. इससे विश्वविद्यालय को भारतीय एवं विदेशी अन्य विश्वविद्यालयों से उनकी डिग्री, डिप्लोमा और परीक्षाओं के लिए मान्यता प्राप्त करने में सहायता तो मिलेगी ही, उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर सम्मेलनों, संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, व्याख्यानों और अनुसंधान शुरू कराने सहित अन्य सुविधाएं भी मिल जायेगी.



