जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी ने छात्राओं के विशेष अनुरोध पर शैक्षणिक सत्र 2023 के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन के लिए कुछ और समय देने का निर्णय लिया है.कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक छात्राएं शोध कार्य से जुड़ें. अब बड़ी संख्या में स्नात्तकोत्तर छात्राएं जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की प्रथम रिसर्च एंट्रेंस टेस्ट – जेडब्ल्यूआरईटी 2023 में शामिल हो पाएंगीं.

ज्ञात हो कि जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की ओर से यूजीसी की नियमावली के अनुरूप तय मानकों का अनुपालन करते हुए योग्यताधारी छात्राओं एवं प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए इच्छुक महिला उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये गये हैं, जिसकी अंतिम तिथि 6 अप्रैल 2023 तय थी. अब इसे बढ़ाकर 20 अप्रैल 2023 तक करने का निर्णय लिया गया है.
यूनिवर्सिटी में विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों – अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, हिंदी, गृह विज्ञान, संगीत, ओड़िया, राजनीति विज्ञान, उर्दू, वाणिज्य, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान व गणित विषयों के अंतर्गत पीएचडी में पंजीकरण के लिए यह परीक्षा आयोजित हो रही है. इसमें यूजीसी नेट/जेआरएफ उत्तीर्ण छात्राएं भी आवेदन कर सकेंगी, हालांकि उन्हें परीक्षा की जगह सीधे साक्षात्कार में शामिल होने का मौका मिलेगा.
यूनिवर्सिटी ने विद्वत् परिषद् की स्थायी समिति की प्रथम बैठक में ही पीएचडी से सम्बंधित समिति का गठन कर नियमावली बनाने और जेडब्ल्यूआरईटी 2023 संचालित करने के लिए आवश्यक शर्तों को पूरा करने का प्रस्ताव पारित किया था. अभिषद ने अपनी प्रथम बैठक में ही इस पर मुहर लगाई थी. यूनिवर्सिटी के कार्यान्वित होने के बाद इतनी जल्दी पीएचडी शुरू होना वास्तव में एक बड़ी उपलब्धि है.











