जमशेदपुर: यंग इंडियंस जमशेदपुर द्वारा आयोजित यंग इंडियंस संसद (वाईआईपी) सिटी लेवल राउंड 2025 का भव्य समापन रविवार को केरल पब्लिक स्कूल बर्मामाइंस में हुआ. यह दो दिवसीय आयोजन युवाओं द्वारा संचालित प्रभावशाली बहसों, चर्चाओं और संसदीय सत्रों का साक्षी बना. जमशेदपुर के विभिन्न स्कूलों से 100 से अधिक छात्रों ने इसमें भाग लिया और अपने नेतृत्व, नीतिगत समझ और लोकतांत्रिक सोच का परिचय दिया.समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में रघुनाथ पांडेय, अध्यक्ष, टीएस यूआईएसएल वर्कर्स यूनियन उपस्थित थे. उन्होंने इस पहल की सराहना की और छात्रों को राष्ट्र के भविष्य की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया. मंच पर उनके साथ उदित अग्रवाल, पूर्व चेयर, यंग इंडियंस जमशेदपुर, सुश्री रचना नायर, अकादमिक निदेशक, केरल पब्लिक स्कूल, बर्मामाइंस, कौशिक मोदी, चेयर, यंग इंडियंस जमशेदपुर तथा अन्य यंग इंडियंस सदस्य जिन्होंने इस आयोजन की संकल्पना और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.(नीचे भी पढ़े)

दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण रहा दो घंटे का मॉक पार्लियामेंट सत्र, जिसमें छात्र सांसदों ने निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों पर ऊर्जावान बहसें कीं: झारखंड में महिला सशक्तिकरण,राज्य में पर्यटन विकास व स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियाँ और नीतिगत अंतर पर बच्चों ने अपने अपने विचार रखे.छात्रों द्वारा तैयार किए गए चार विधेयकों में से दो विधेयक विस्तृत चर्चा और मतदान के पश्चात पारित किए गए, जो छात्रों की गहन सोच, शोध और लोकतांत्रिक समझ को दर्शाता है. उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रों को कुल 10 पुरस्कार प्रदान किए गए. पुरस्कार वितरण इस प्रकार रहा: डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल – 4 पुरस्कार, केरल पब्लिक स्कूल, कदमा – 2 पुरस्कार, लोयोला स्कूल – 2 पुरस्कार जुस्को स्कूल, कदमा – 2 पुरस्कार. ये पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ वक्ता, सर्वश्रेष्ठ सांसद, सबसे प्रभावशाली विधेयक और सर्वश्रेष्ठ टीम समन्वय जैसी श्रेणियों में दिए गए. यंग इंडियंस संसद, यंग इंडियंस की थालिर वर्टिकल के अंतर्गत एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य छात्रों को भारत की संसदीय प्रणाली की गहराई से समझ देना और उन्हें जागरूक, ज़िम्मेदार व सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है. कार्यक्रम का समापन गर्व, तालियों और प्रेरणा के साथ हुआ जो जमशेदपुर में युवाओं द्वारा संचालित नागरिक सहभागिता का एक उल्लेखनीय अध्याय बन गया.




