जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर (मानगो) थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 स्थित करीम सिटी बीएड कॉलेज के समीप शुक्रवार रात स्कॉर्पियो सवार करीब 17 वर्षीय युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में युवक के सिर में चोट लगी है. वहीं, उसकी काले रंग की स्कॉर्पियो के शीशे, लुकिंग ग्लास और वाइपर को भी क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप है. घायल युवक की पहचान आजादनगर रोड नंबर-12 निवासी सफदर इमाम के पुत्र अयान सफदर के रूप में हुई है. (नीचे देखे पूरी खबर)

घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसके सिर में लगी चोट का उपचार किया जा रहा है. अयान के अनुसार, वह अपनी स्कॉर्पियो से जा रहा था. इसी दौरान करीम सिटी बीएड कॉलेज के पास तीन युवकों ने उसकी गाड़ी रुकवाई. युवकों ने उस पर तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया. अयान का आरोप है कि विवाद के दौरान उसकी स्कॉर्पियो का वाइपर तोड़ दिया गया और उसी वाइपर से उस पर कई बार हमला किया गया, जिससे उसके सिर में चोट लगी. अयान ने आरोप लगाया है कि हमला करने वाले तीनों युवक आपस में भाई हैं. उसने दो युवकों की पहचान मोहम्मद फसले हयात और जशन के रूप में की है, जबकि तीसरे युवक का नाम वह नहीं जानता. घायल के मुताबिक, तीनों युवक फिलहाल कपाली ओपी क्षेत्र के डांगरडीह सामुदायिक भवन के समीप रहते हैं. फिलहाल घटना को लेकर घायल युवक द्वारा लगाए गए आरोप ही सामने आए हैं. दूसरे पक्ष और आजादनगर पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस को शिकायत मिलने और जांच के बाद ही मारपीट की वास्तविक वजह तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.




