जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको निवासी एक युवक की कीटनाशक खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान आकाश कुमार गोस्वामी (32) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है. पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मामले में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है. मृतक के छोटे भाई अमन कुमार गोस्वामी ने पुलिस को बताया है कि सात मई की शाम उसके बड़े भाई आकाश कुमार गोस्वामी ने शराब पी रखी थी. नशे की हालत में उसने गलती से कीटनाशक पी लिया. कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. स्थिति गंभीर होती देख परिवार के लोगों और दोस्तों की मदद से उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीसीयू में भर्ती किया, जहां लगातार उसका इलाज चल रहा था. लेकिन इलाज के दौरान नौ मई को उसकी मौत हो गई. रविवार को पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. सिदगोड़ा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में घटना को नशे की हालत में कीटनाशक सेवन से जुड़ा मामला माना जा रहा है.







