जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी डैम में हुए एक दर्दनाक हादसे में सागर मुर्मू (30 वर्ष) की डूबने से मौत हो गई. सागर अपने दो दोस्तों के साथ डैम में नहाने गया था. बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे सागर नहाने के लिए डैम गया था. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार नहाते समय सागर का पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया. यह दुखद घटना लगभग सुबह 9 बजे घटित हुई. सागर मुर्मू छोटा बांकी डैम के किनारे नहाने गया था, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया. साथ गए उसके दो दोस्त उसे बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन असमर्थ रहे. इसके बाद, स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही एमजीएम थाना की टीम तुरत घटना स्थल पर पहुंची और सागर को पानी से निकाल कर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

सागर मुर्मू मजदूरी का कार्य करता था और घर का छोटा बेटा था. वह घोड़ाबांधा क्षेत्र का निवासी था. घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे. परिजनों ने डॉक्टरों से शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया और अंतिम संस्कार प्रक्रिया को अंजाम देने की इच्छा जताई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा शोक है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या डैम में नहाना पूरी तरह से सुरक्षित था या नहीं. साथ ही, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे खुले जल स्रोतों में नहाने से बचें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.














