
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना की दूसरी लहर काफी भयावह रुख अख्तियार कर चुका है. हर दिन मौत के आंकड़े रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं. जिला प्रशासन हर जरूरी एहतियात बरतने को लेकर लोगों को जागरूक करने के साथ कार्रवाई भी कर रहा है. लेकिन लोग अभी भी ढिलाई बरतते नजर आ रहे हैं. पिछले बुधवार को एक दिन में 9 कोरोना संक्रमितों की मौत के बाद जिला प्रशासन हलकान है. गुरुवार को एक बार फिर से जिला प्रशासन की ओर से साकची बाजार में जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान कोविड गाइडलाइंस का उल्लंघन करनेवाले दुकानदारों पर कार्रवाई भी की गई. साथ ही कई लोगों को चेतावनी देकर दुबारा पकड़े जाने पर कार्रवाई किए जाने की नसीहत दी गई. जानकारी देते हुए एसपी कुमार गौरव ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमितो के मामले को देखते हुए अभी भी कुछ लोग लापरवाही बरत रहे हैं. जिला प्रशासन लगातार अभियान चला रही है बावजूद इसके लोग मानने को तैयार नहीं है. उन्होंने बताया कि अभी भी अगर लोग जागरूक नहीं हुए तो जिला प्रशासन विवश होकर सख्त कार्रवाई करने को बाध्य हो जाएगी. उन्होंने दुकानदारों से कोविड-19 गाइडलाइन का सख्ती से पालन किए जाने की अपील की साथ ही. अपने दुकानों में कम से कम लोगों के प्रवेश करने और दुकान के बाहर नो मास्क नो एंट्री का बोर्ड लगाने, सैनिटाइजर आदि का प्रयोग करने की अपील की.





