रांची : झारखंड के पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार से एडीजी अभियान डॉ संजय आनन्द राव लाठकर ने डीआइजी सड़क सुरक्षा कोषांग धनंजय कुमार सिंह, जेएसीयू एनआइसी के स्टेट इनफारमेशन ऑफिसर दीपक कुमार एनआइसी उपनिदेशक आइटी तैयव हुसैन, स्टेट रोल आउट मैनेजर शाश्वत कुमार सिन्हा की उपस्थिति में वीडियो काफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक व क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक एवं सभी वरीय पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधीक्षक के साथ सड़क सुरक्षा से संबंधित बैठक आयोजित की. बैठक के क्रम में एडीजी (अभियान) नें जिलावार वर्ष 2023 व 2024 तथा जनवरी 2024 व जनवरी 2025 की घटित घटनाओं की तुलनात्मक विवेचना सहित चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं अन्यत्र स्थानों में एमवी एक्ट के तहत् की गई कार्रवाई की समीक्षा की. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं, दुर्घटना उपरान्त मृत्यु व जख्मी की संख्या में कमी लाने हेतु निर्देश दिये. सभी वरीय पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधीक्षक को ब्लैक स्पॉट पर विगत एक वर्ष की सड़क दुर्घटनाओं की सभी बिन्दुओं पर समीक्षा करने, इन स्थानों पर सभी लांग टर्म और शार्ट टर्म कदम उठाने को कहा गया. गुड समरितान पॉलिसी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, जागरूकता अभियान चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने वाले पुलिस पदाधिकारी व कर्मी को भी पुरस्कृत करने हेतु आदेशित किया गया. विधिवत् सभी वनरेबल स्पॉट व ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सुरक्षा व गश्ती की जाय साथ ही दुर्घटना वाले स्थल पर एम्बुलेंस की रीपोजिशनिंग सुनिश्चित करेंगे. ब्रेथ एनालाइजर, स्पीड गन तथा अन्य उपकरणों का अधिकाधिक प्रयोग सुनिश्चित की जाये. (नीचे भी पढ़ें)
बगैर सीट बेल्ट व शराब का सेवन कर वाहन चलाने, ओवर स्पीडिंग, लेन जंपिंग जैसी अनियमितता तथा अपराध को रोकने के लिए विधिवत् अभियोजन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाये. स-समय आइ रैड में प्रविष्टी करने, नियमानुसार दुर्घटना पीड़ित को मुआवजा देने हेतु कार्रवाई सुनिश्चित करने और अन्य ईकाई यथा-एनएचएआइ एवं स्टेट हाइवे से समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान करना सुनिश्चित किया जाय, ताकि, सड़क दुर्घटना में कमी हो सके. वर्ष 2025 के जनवरी माह में दुर्घटना में आई तुलनात्मक वृद्धि की समीक्षा करने हेतु सभी वरीय पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधीक्षक को आदेशित किया गया तथा भविष्य में दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु विधिवत सार्थक प्रयास करने हेतु आदेशित किया.














