कुचाई : सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत अफ़ीम की अवैध खेती की रोकथाम और जागरुकता हेतु गुरुवार को कुचाई थाना अंतर्गत बिरसा मुंडा स्टेडियम में एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में कुचाई थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों की कुल 8 टीमों ने भाग लिया. फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता टीम जामदा एवं उप विजेता टीम कुचाई को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला द्वारा ट्रॉफी प्रदान किया गया. साथ ही इस टूर्नामेंट में शामिल सभी टीमों को फुटबॉल एवं सभी खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल किट वितरित किया गया. इस खेल में मैन ऑफ द मैच मंगल सिंह मुंडा को एक फुटबॉल, बेस्ट स्कोरर सोमा मुंडा को एक जोड़ा बूट एवं बेस्ट गोलकीपर के लिए जय सिंह सोए को एक फुटबॉल देकर प्रोत्साहित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर सवैया द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती एवं विक्रय निषेध तथा इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया और अफीम की जगह पर वैकल्पिक खेती को अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया गया. इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला द्वारा स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभाव एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गयी. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुचाई, कुचाई थाना प्रभारी, खरसावां थाना प्रभारी, दलभंगा ओपी प्रभारी मुखिया तथा ग्रामीण उपस्थित थे.















