
रांची/जमशेदपुर : झारखंड में ‘अम्फान’ का तूफान का असर दिखने वाला है. सोमवार की देर रात के बाद से इसका असर दिखने लगेगा. 19 मई से लेकर 21 मई तक झारखंड में इसका असर दिखेगा. खास तौर पर बंगाल और ओड़िशा से सटे हुए जिले पर इसका सबसे ज्यादा असर दिखने वाला है. कोल्हान के तीनों जिला यानी जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम), चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम) और सरायकेला-खरसावां जिले में सबसे ज्यादा इसका असर दिख सकता है. 20 मई से इसका खतरनाक असर दिख सकता है. बंगाल से सटा हुआ इलाका होने की वजह से जमशेदपुर में सबसे ज्यादा अलर्ट है जबकि ओड़िशा से सटा हुआ इलाका पश्चिम सिंहभूम जिला भी है, जिस कारण इसका असर दिखेगा. पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) के कई ऐसे इलाके भी है, जो बंगाल से सटा हुआ भी है और ओड़िशा से भी सटा हुआ है, ऐसे में यहां हाई-अलर्ट पहले से ही जारी कर दिया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, 19 मई से लेकर 21 मई तक इसका ज्यादा असर दिखेगा. करीब 185 किलोमीटर से लेकर 200 किलोमीटर तक की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी और इससे नुकसान भी हो सकता है. वैसे यह अंदेशा जताया गया है कि दस घंटे के भीतर अम्फान का असर दिखने लगेगा. 12 घंटे के बाद से सुपर चक्रवात यहां दिखने लगेगा, जो 20 मई तक झारखंड में विकराल रुप ले सकता है. अम्फान 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तातर से बंगाल की खाड़ी से लगने वाले हिस्सों से बढ़ रहा है, जो अगले 10 घंटे में बड़ा रुप ले सकता है. इस दौरान अत्यधिक तेज हवाएं चलेगी, जिससे कच्चे घर को सबसे ज्यादा नुकसान हो सकता है. फसलों और पेड़ों को भी नुकसान हो सकता है. अम्फान का केंद्र ओड़िशा के पारादीप इलाके में 790 किलोमीटर दक्षिण, पश्चिम बंगाल के दीघा से 940 किलोमीटर दक्षिण और बंगलादेश के खेपुपारा से 1060 किलोमीटर दक्षिण व दक्षिण पश्चिम में है.
झारखंड के आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने क्या कहा
आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि अम्फान को लेकर खतरा जरूर है. इसको लेकर हम लोगों की पूरी तैयारी है. हर जगह हाइ-अलर्ट है. किसी तरह की कोई लापरवाही या नुकसान नहीं हो, इसके लिए वैसे इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, जहां खतरा है. इसको लेकर हर जिले को अलर्ट कर दिया गया है.

पश्चिम बंगाल से सटे चाकुलिया समेत आसपास हाई अलर्ट, बीडीओ ने की बैठक
कोरोना वायरस संक्रमण बीमारी फैलने की इस संकट की घड़ी में जहां लोग भय और बीमारी से लड़ रहे हैं वही दूसरी तरफ चक्रवाती तूफान अमफान के दस्तक से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. तूफान के आने से राज्य सरकार ने अलर्ट की घोषणा की है. इस संबंध में बीडीओ लेखराज नाग ने बताया कि तूफान को लेकर प्रशासन अलर्ट है. उन्होंने कहा कि प्रखंड के सभी पंचायत सचिव को निर्देश दिया गया है कि अपने अपने पंचायत का सर्वे कर असुरक्षित परिवार की सूची बनाकर उन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का आदेश दिया गया है. उन्होंने कहा कि जर्जर झोपड़ी में रहने वाले परिवार को सरकारी स्कूल भवन में रखा जाएगा और उन परिवार को प्रखंड स्तर पर खाने की व्यवस्था की जाएगी. विदित हो की मौसम विभाग ने कहा है कि 19 और 20 मई को चक्रवाती तूफान अमफन का असर बंगाल और ओड़िसा सीमा से सटे झारखंड के कुछ भाग पर इसका असर रहेगा.














