जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने सोनारी दोमुहानी में चल रहे कार्यों को लेकर झारखंड विधानसभा में एक सवाल उठाया है. सरयू राय ने अपने सवाल में जल संसाधन विभाग से पूछा कि क्या दोमुहानी में जो योजना चल रही है, उस योजना को सरकार द्वारा द्वारा मंजूरी दी गयी है. सरकार ने माना है कि “दोमुहानी पर स्वर्णरेखा नदी के भीतर जल संसाधन विभाग द्वारा वर्तमान में कोई योजना स्वीकृत नहीं है. जहां तक कारवाई की बात है, इसपर मुख्य अभियंता, चांडिल से स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुकूल कारवाई की जाएगी.” इसके तहत सरयू राय ने उठाया था कि क्या यह सही बात है कि मुख्य अभियंता मोनिटरिंग, जल संसाधन विभाग ने दोमुहानी पर सक्षम प्राधिकार की सहमति बिना स्वर्णरेखा नदी मे निर्माण के संबंध में कार्रवाई करने और कार्रवाई का प्रतिवेदन विभाग को भेजा है. क्या यह सही बात है कि दोमुहानी में जेसीबी, पोकलेन, डोजर लगातर नदी का पेट फाड़ा जा रहा है जबकि चांडिल के मुख्य अभियंता ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी. यह भी पूछा कि क्या यह सही बात है कि झारखंड बिल्डिंग बाइलॉज 2016 के तहत किसी नदी के किनारे से 15 मीटर के अंदर किसी तरह के निर्माण या पुर्ननिर्माण की अनुमति नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)

इस पर सरकार ने यह जवाब दिया है. हालांकि समयाभाव के कारण उनके प्रश्न पर सदन में चर्चा नहीं हो पाई, परंतु सरकार ने अपने उत्तर में नदी के भीतर अनधिकृत कार्य करने वालों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दे दिया. मुख्य अभियंता चांडिल से स्पष्टीकरण मिलते ही कारवाई होगी. सरयू राय ने कहा है कि सारे सवाल स्वीकारात्मक है. विधायक सरयू राय ने कहा है कि सवाल उठता है कि 1 फ़रवरी 2023 को विभाग ने मुख्य अभियंता से प्रतिवेदन मांगा तो प्रतिवेदन एक माह के बाद भी क्यों नहीं मिला. कारण कि अनधिकृत कार्य स्थानीय मंत्री द्वारा किया जा रहा है. इसके बाद सरयू राय ने उपायुक्त से यह बात पूछेंगि कि क्या ज़िला प्रशासन ने नदी के भीतर कार्य करने की कोई योजना स्वीकृत किया है या नहीं? यदि किया है तो किया और नहीं किया है तो नदी में अनधिकृत कार्य करने से मंत्री बन्ना गुप्ता को रोकने के लिए क्या कदम उठाया और मंत्री की अनधिकृत, अवैध गतिविधि से सरकार को अवगत कराया या नही?



